सेना के लिए शुद्ध मीठे जल हेतु श्रीराम ने बाण मार कर यहाँ जल स्रोत बनाया था। तंगचिमडम से लगभग 10 कि.मी. दूर समुद्र में स्थित इस कुएँ से मीठा पानी निकलता है। बैशाख तथा आषाढ़ में यहाँ पानी विशेष रूप से मीठा होता है।
छेदु सेतु का अपभ्रंश है तथा तमिल शब्द करई का अर्थ है कोना। यहाँ पुल की आधार शिला रखी गयी थी। छेदुकरई से समुद्र में 2 कि.मी. भीतर तक जायें तो सेतु के अवशेष देखे जा सकते हैं। ये सेतु के स्तम्भ हो सकते हैं। ये सेतु समुद्र में 10-11 फुट गहरे हैं।
त्रिपुल्लाणी समुद्र तट पर पहुँच कर श्रीराम समुद्र से रास्ता लेने के लिए तीन दिन तक तपस्यारत पृथ्वी पर लेटे रहे। यहीं श्रीराम ने शिवलिंग की स्थापना की थी। इसे आदि रामेश्वर माना जाता है। यहीं समुद्र ने प्रकट होकर श्रीराम को पुल बनाने की युक्ति बतायी थी।
देवी पट्टनम स्थान पर श्रीराम ने शनिदेव को शांत करने के लिए नवग्रह की पूजा की थी। यहाँ, श्रीराम ने विष्णु चक्र की पूजा की थी तो उन्हें आर्शीवाद मिला कि वानर सेना को समुद्री लहरें परेशान नहीं करेंगी।
सूर्य के ताप तथा रोशनी से थके श्री राम और लक्ष्मण ने यहाँ स्नान किया और गणेश देव की पूजा की। श्री गणेश ने यहां भावी युद्ध में विजय का आशीर्वाद दिया।


